Sunday, June 28, 2015

दादी-नानी तरसती हैं। सिंगापुर के लिए लोन चाहिए।

पिछले दिनों अपने एक मित्र घर आए थे। परिवार सहित। परेशान थे। गर्मियों की छुट्टियों को लेकर। कहने लगे गर्मियों की छुट्टियां अब ठंड से ही तनाव देने लगती है। मुझे लगा मैंने ठीक से सुना नहीं। जोर देकर पूछा। तनाव देती है। या उत्साह से भरकर मजा देने लगती है। बोले नहीं। तनाव....आवाज तेज करके बोले टेंशन । समझ गए। मैंने कहा एक दम समझ गया। शब्द से नहीं तुम्हारी आवाज से। हुआ क्या। कहने लगे यह तनाव हर साल का है। हर summer vacation में बच्चों को कहीं घूमने ले जाना पड़ता है। इसका तनाव  महीनों पहले  शुरू हो जाता है। पैसे का इंतजाम ठंड से ही करना पड़ता है। उन्होंने 25 गालियां अपार्टमेंट संस्कृति  को दी। और हजार गालियां प्राइवेट स्कूलों को। कहने लगे महीनों पहले पत्नियां बताने लगती है। अपार्टमेंट में अलग अलग मंजिलों पर रहने वाली mrs bagga,mrs saxena,mrs Malhotra,mrs rai,कहां और कब जाने वाली है। बस इसी समय अलार्म बजना शुरू हो जाता है। कुछ दिन बाद बच्चें भी इसी तरह की बातें सुनाने लगते है। वे किसी तरह की बदमाशी नहीं जानते । सीधा-सपाट ही पूछने लगते है। हम लोग इस  बार कहां जाएगें। हर साल जगह जगह बदल-बदल कर जाना पड़ता है। अपन लोगों के पास इतनी रकम कहां होती है। लिहाजा कई बार इधर उधर से पैसे मांगने पड़ते हैं। इस बार तो बैंक से  कर्ज ले रहा हूं। मैंने कहा घूमने के लिए। वे तपाक से बोले नहीं। ये घूमना नहीं है। कुछ और है। छुट्टियों में आदमी तनाव मुक्त होकर जाता है। और तरो ताजा होकर आता है। हम तो तनाव लेकर आते हैं। छुट्टियों के कर्ज की किस्त का।
पंचतंत्र की कहांनियां हम बच्चों को सिर्फ दस्तूर के रूप में सुना देते हैं। नकलची बंदरों की कहानियां। न हमने समझी। न ही उन्हें समझा पाए। अभी अभी की तो बात है। परीक्षा से ज्यादा इंतजार हमें नानी के घर जाने का होता था। मामा की चिट्ठियां महीनों पहले से आने लगती थी। मौसी के बेटे-बेटियां। पूरे कुनबे के भाई-बहिनों के बीच बातचीत जनवरी के बाद से ही शुरू हो जाती थी। घर छोटे होते थे। लोग ज्यादा। लेकिन नानी के घर में लगने वाले गर्मी के मेले में कई तरह के मजे होते थे। न पिता को खर्च का तनाव। न मां को किसी दूसरे को नीचा दिखाकर उपर उठने की जल्दबाजी। उस गर्मी के मेले में दिखावा न होकर अपनापन होता था। नाना-नानी हो या मामा मामी महीनों पहले से  ही इतंजाम बहादुर हो जाते थे। उस छुट्टी के मेले में भाई-बहिनों के साथ रहने से मेल-जोल के धागे से अपनेपन की गांठ लगती जाती थी। और उस गांठ को हम बाकी के दस महीनों में कभी-कभार देखते और परखते रहते थे। लेकिन अब तो हमारे कस्बों में दादी-नानी तरसती रहती हैं। बच्चों को देखने उनकी आवाज सुनने को और हम परेशान है। सिंगापुर जाने के लिए।

2 comments:

  1. Baat me dam hai..story me dam hai..lekin headline me dam nahi

    ReplyDelete
  2. हां आपसे सहमत हूं। कुछ आपके मन में हो तो जरूर बताएं।

    ReplyDelete