Monday, October 18, 2010

मुफ्त के मजे के सहारे कटती जिंदगी।

अपन साउथ दिल्ली की सबसे खूबसूरत मॉल के सामने रहते है। सिलेक्ट सिटी वॉक। लेकिन महीनों में जा पाते हैं। कभी कभार। पिछले दिनों गए थे। मॉल में घुसते ही एक सुंदर स्मार्ट लड़की ने नमस्कार किया। और बताया कि उसके साथ हमें एक खेल खेलना है। खेल जीते तो कोल्ड ड्रिंक की दो बोतलें मिलेगीं। और हार भी गए तो भी एक बोतल तो साथ रहेगी ही। खेल सीधा साधा था। खेल का नाम था। ऊ....आ। वो ऊ कहेगी तो हाथ आगे ले जाना है। आ कहेगी। तो हाथ पीछे लाना है। और ऐसा करते रहना है। जो आखरी में बचा रहेगा। वो जीत जाएगा। बात खेल की नहीं थी। बात मुफ्त में कोल्ड ड्रिंक की बोतल की थी। मैं न बोलकर आगे चला गया। वो बोली आपका दिलचस्पी क्या खेल में नहीं है। मैंने कहा खेल में है। मुफ्तखोरी में नहीं है। यह खेल नहीं है। लालच का दाना है। मुझे नहीं खाना है।
आगे फिर एक नौजवान मिला। बोला सर इस फार्म को भर दीजिए। मैंने कहा कि मुझे यह सुविधा नहीं चाहिए। वह बोला फिल्म के दो टिकिट मुफ्त में मिलेगें। इसके कुछ कदम बाद फिर किसी ने रोका सर यह कार्ड बनवा लीजिए। आपको फ्री में कॉफी मिलेगी। मैं चुप रहा और सोचने लगा कि हमारी रोज मर्रा की जिंदगी में अब इतना समय और धन नहीं है। कि जिंदगी को घसीटते घसीटते उसमें मजा के लिए भी हासिया हो। लिहाजा इस बाजार ने मुफ्त में मजा का लालच देने का फार्मूला बना लिया है। वह जानता है कि नौकरी पेशा आदमी अगर फिल्म देखता है तो कई बार बजट लिखता और मिटाता है। लेकिन अगर उसे मुफ्त में फिल्म की टिकिट मिल जाए। तो उसे लाटरी लग जाती है। कौन और क्यों यू ही बैठकर कोल्ड ड्रिंक पिए। लेकिन अगर आ और ऊ करने से मुफ्त में मिलती है तो बुराई क्या है।
अब हमारी जिंदगी में मजा करना कठिन और मंहगा होता जा रहा है। लगता है आने वाले दिनों में बाजार यू हीं हमारे लिए कभी कभार कुछ अपनी जूठन के टुकड़े फेकेगा और हम उसे खाकर धन्य होगें। वही हमारे लिए मजा होगा।
अमिताभ बच्चन भले कहते हों। कि उनका खेल लोगों के सपने पूरे करता है। लेकिन शायद उन्हें नहीं पता कि किसी के सपने किसी एक खेल से पूरे नहीं होते। सपने तो मंजिल तय करने और एकाग्रता के साथ की गई मेहनत से पूरे होते है। जुआ जीतने से कोई रास्ता नहीं बनता। बल्कि ऐसी बैशाखी लोगों को आंखों में इस तरह चित्रित होती है। कि लोग अपनी कुदाल और छैनी हथोड़ा भूलकर जुआ के पांसों में उलझ जाते हैं। इस मुफ्त खोरी की प्रवृत्तियों से हम अपने आप को कैसे बचा पाएगें। पता नहीं। आप क्या सोचते हैं। हमें लिखिएगा जरूर।

Sunday, October 17, 2010

अंदर का रावण मरे। तो अपन भी राम बनें।

विजया दशमीं को अपन दिल्ली में ही थे। घर नहीं गए। हालांकि घर से कई फोन आए। हमारे बुंदेलखंड में दुर्गा अष्टमी को कुल देवी की पूजा होती है। उसका महत्व दीपावली और होली से भी ज्यादा होता है। फिर भी अपन नहीं जा पाए। दादी को समझा दिया। हालांकि मध्यप्रदेश और दिल्ली की विजया दशमीं में काफी अंतर हैं। अपने घर पर परमा को देवी रखी जाती हैं। और फिर दसवें दिन उनका विसर्जन होता है। वैसा ही जैसे महाराष्ट्र में गणपति का होता है। सो दशहरे के दिन पूरी रात काली विसर्जन होता है। अखाड़े ढोल ढमाके और आतिशबाजी खूब होती है। दिल्ली में यह चलन नहीं है। यहां रावण को जलाना ज्यादा बड़ा त्योहार होता है।
बचपन में दादी से रामायण और महाभारत की कथाएं खूब सुनी है। जो कहानियां दादी रामायण और महाभारत की सुनाती है। उनमें से कई बातें पढ़ने पर नहीं मिलती है। वे बाते उन तक कैसे पहुंची। पता नहीं। लेकिन जो छोटी छोटी बातें बे अक्सर समझाती थी। उनमें खूब मजा आता था। दादी कहती है। कि रावण का अंहकार, कुंभकरण की नींद, और दूसरी तामसी प्रवृत्तियां जब तक हमारे अंदर है। तब तक हम भी रावण ही है। रावण और राम में विचार का अँतर है। अगर हमारे अंदर राम की मर्यादा है तो हम राम हैं। और अगर रावण का अंहकार है तो हम रावण है। लिहाजा यह हमारे ऊपर है। कि हमें क्या बनना है। राम और रावण दो अलग अलग नहीं है। हमारे भीतर एक साथ है।
इस बात को मैं जितना समझता जाता हूं। उतना अपने आप से डरने लगता हूं। अब हमें ऐसा लगता है। कि हमारी सोच और प्रवृत्तियों में राम कम और रावण ज्यादा हावी रहता है। हम ज्ञान में भले रावण से कम हों। लेकिन अंहकार को अगर किसी मशीन से नापा जाए। तो शायद हम आज रावण से ज्यादा अंहकारी है। कुंभकरण से ज्यादा तामसी और मेघनाथ से ज्यादा राक्षस।
मोहल्ले के बच्चे सुबह सुबह ही चंदा कर रहे थे। कहने लगे भाई साहब कुछ पैसे दीजिए। मैंने पूछा। तो उन्होंने बताया कि रावण जलाना है। मैंने पूछा क्यों। किसी ने सिखा दिया था। या वे ही मौलिक थे। पता नहीं। बोले रावण बुराई का प्रतीक है। उसे जलाना है। मैंने कहा रावण की बुराई तो जला दोगे। और अपनी का क्या करोगे। वे चुप हो गए। मुझे अपनी गलती समझ में आई। मेरा यह प्रश्न उन बच्चों से नहीं अपने आप से था। मैं चुपचाप एक नोट देकर घर आ गया। और मैं सोचता रहा। कि रावण को हम हर साल जलाते है। लेकिन जो अपने अंदर रावण पनप रहा है। फल फूल रहा है। उसका का क्या करें। और अंदर का राम तो दुबला और कमजोर होता जा रहा है। मुझे पता नहीं मेरे अंदर का रावण कैसे और कब मरेगा। यह मरे तो हम भी राम बने। आपको कोई उपाए पता हो तो बताइगा जरूर।